हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड स्थित गोधिया गांव में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महावीर यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महावीर यादव जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक हाथी काफी आक्रामक था और हमले में महावीर यादव की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मुआवजा
घटना के बाद वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मुआवजे की शेष नौ लाख रुपये की राशि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। इस तरह मृतक के परिजनों को कुल दस लाख रुपये मुआवजा दिया जाना है।
ग्रामीणों में दहशत
जंगल से सटे इलाकों में हाथियों के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। गोधिया गांव की घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हाथियों के गांवों में प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

