खूंटी: झारखंड बीजेपी के प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों ने खूंटी पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने जनजातीय समाज के साथ संगठन के जुड़ाव को और मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आने वाले समय में बीजेपी जनजातीय समाज के साथ संवाद और संपर्क को और मजबूत करेगी। गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बढ़ाने के साथ जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, विकास और कल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों ने कार्यभार संभालने से पहले बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचकर उन्हें नमन किया। उन्होंने राज्य सरकार पर बिरसा मुंडा के गांव के विकास को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया और कहा कि पूर्व की सरकार के समय गांव में सड़क और पुस्तकालय सहित विकास कार्य कराए गए थे।
सह-प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि झारखंड बीजेपी का संगठन मजबूत है और इसे और मजबूत करने के संकल्प के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने 2029 में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनाने के लक्ष्य की बात कही।
सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा के परिवारजनों से मुलाकात की और उनके त्याग, संघर्ष एवं साहस को जनजातीय गौरव के लिए प्रेरणादायक बताया।
कड़िया मुंडा से लिया संगठनात्मक मार्गदर्शन
प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। कड़िया मुंडा ने संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यकर्ता के घर पहुंचकर किया पारंपरिक भोजन
प्रदेश प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता सह मुखिया फागु मुंडा के घर पहुंचकर पारंपरिक भोजन किया और परिवार के सदस्यों से संवाद किया। इस दौरान मड़ुआ रोटी, बर्रा, धुस्का, गुलगुला, देहाती चावल, दाल और लाल साग सहित पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
खूंटी पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, झारखंडी नृत्य, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
इस दौरान सुभाष चौक पर सुभाष चंद्र बोस, नीचे चौक पर भगत सिंह और जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। वहीं साइको स्थित गया मुंडा चौक पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

