गढ़वा: जिले में विधि-व्यवस्था और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 3 अक्टूबर की देर रात उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के संयुक्त नेतृत्व में गढ़वा मंडल कारा में औचक छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और अन्य संबंधित स्थानों की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं और संभावित प्रतिबंधित वस्तुओं की उपलब्धता की भी बारीकी से जांच की।
तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। जेल परिसर में स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से मंडल कारा में बंदियों और सभी वार्डों की समय-समय पर विधिवत तलाशी सुनिश्चित करने के निर्देश पहले से दिए गए हैं। इसी उद्देश्य से विशेष सघन तलाशी अभियान के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेल की सुरक्षा, अनुशासन और विधि-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और सघन तलाशी अभियान जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई में अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण, बीडीओ गढ़वा कुमार नरेंद्र नारायण, सीओ मेराल यशवंत नायक, सीओ गढ़वा ओम प्रियदर्शी गुप्ता, कार्यपालक दंडाधिकारी राजेश कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी श्रीकांत बारहड़े, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

