HomeJharkhandरामगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, श्रद्धालुओं के साथ...

रामगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, श्रद्धालुओं के साथ सुनी कथा

रामगढ़: रामगढ़ में रविवार को आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रांची रोड स्थित जिमखाना क्लब एंड रिसॉर्ट में स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा की पुण्य स्मृति में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। सुबह मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई, जबकि शाम को कथा के प्रथम दिन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार कार्यक्रम में पहुंचे।

राज्यपाल ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। उनके पहुंचने पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने उनका स्वागत किया।

इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि लोगों को महापुरुषों के विचारों और प्रवचनों को सुनना चाहिए और उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कथा शुरू होने से पहले प्रणीत टावर स्थित मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भव्य मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और राधे-राधे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रीमद्भागवत महापुराण कथा 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चलेगी। प्रत्येक दिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीधाम वृंदावन के कथाव्यास एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज कथा का वाचन करेंगे। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ भक्ति, ज्ञान, सदाचार, सेवा, प्रेम और मानवता से जुड़े प्रसंगों के जरिए श्रद्धालुओं को सकारात्मक जीवन का संदेश दिया जाएगा।

आयोजन में रूंगटा परिवार के सदस्य माया रूंगटा, अभिषेक रूंगटा, आलोक रूंगटा, आशीष रूंगटा, नेहा और शुभ्रा समेत सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। आयोजन की व्यवस्था में मारवाड़ी युवा मंच और चेतना समिति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments