गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। श्री बंशीधर नगर के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में एक बदमाश ने फिल्मी अंदाज में घर में घुसकर चाकू के बल पर महिलाओं से करीब पांच लाख रुपये के गहने लूट लिए। बदमाश ने खुद को सेल्स मैनेजर बताकर घर में प्रवेश किया और मौका मिलते ही महिलाओं को धमकाकर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने साथी के साथ पल्सर बाइक से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सेल्स मैनेजर बनकर घर में घुसा बदमाश
घटना कोल्हुआ गांव में फोरलेन के किनारे स्थित मां तारा एक्वा के संचालक बृजलाल राम के घर की है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक बदमाश वहां पहुंचा और खुद को सेल्स मैनेजर बताते हुए प्रोडक्ट दिखाने की बात कही। वह काफी देर तक घर में रुका रहा। जब महिलाओं ने प्रोडक्ट लेने से इनकार कर दिया, तो उसने जेवर साफ करने का प्रस्ताव दिया। महिला के मना करने पर बदमाश ने बैग से चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए गहने सौंपने को कहा।
चाकू के डर से महिलाओं ने सौंपे गहने
चाकू के डर से घर में मौजूद महिलाओं ने अपने जेवर बदमाश को सौंप दिए। पीड़िता संगीता देवी के अनुसार, बदमाश उनकी मां चंद्रावती देवी का मंगलसूत्र, उनका लॉकेट, कान की बाली और टप्स तथा उनकी सास फूलमती देवी का कान का टप लेकर फरार हो गया। लूटे गए गहनों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
पल्सर बाइक से साथी के साथ हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से निकलकर फोरलेन के पास पहुंचा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से पल्सर बाइक लेकर खड़ा था। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर रमना की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
पुलिस पर तत्काल सुनवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह नगर ऊंटारी थाना पहुंचीं, तो तत्काल सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद एसआई अमित प्रशांत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता व उनके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता के बयान के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े चाकू के बल पर हुई इस लूट की घटना से कोल्हुआ गांव के ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

