जमशेदपुर: जमशेदपुर में गोलीबारी की घटना एक बार फिर सामने आई है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी स्थित फुलबस्ती में देर रात स्कूटी सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में मोहम्मद राजा के हाथ में दो गोलियां लगीं, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे बाराद्वारी के देवनगर आश्रम के पास मोहम्मद राजा का इस्माइल और कोदु नाम के युवकों के साथ विवाद हुआ था। घायल राजा के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर दोनों युवकों ने उस पर हमला किया। आरोप है कि देर रात स्कूटी सवार दो अपराधियों ने ओल्ड बाराद्वारी की फुलबस्ती में पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें राजा के हाथ में दो गोलियां लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

