लोहरदगा:– इस बार नवरात्र में लोहरदगा की सड़कों पर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध ‘पुनेरी ढोल’ की गूंज सुनाई देगी। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने नवरात्र के दौरान होने वाली भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा को खास बनाने के लिए पहली बार महाराष्ट्र से पुनेरी ढोल मंगाने की तैयारी की है।
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश साहू ने बताया कि कलश यात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए महाराष्ट्र से विशेष रूप से पुनेरी ढोल की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्र सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का पर्व है।
समिति के अनुसार, कलश यात्रा पावरगंज चौक से शुरू होकर ठाकुरबाड़ी मंदिर तक जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शोभायात्रा मनोकामना मंदिर होते हुए बरवाटोली तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आगे और पीछे ध्वज-पताकाएं रहेंगी, जबकि आकर्षक झांकी भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
कलश यात्रा की खासियत यह होगी कि बड़ी संख्या में माताएं और बहनें पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। पुनेरी ढोल की दमदार थाप, माता के जयकारों और भव्य झांकी के बीच पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आएगा।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी समिति की ओर से की जाएगी। आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया। इस बार पुनेरी ढोल के साथ होने वाली कलश यात्रा को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।


