रांची:– रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर रातू थाना में कांड संख्या 326/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात चटकपुर पंचायत क्षेत्र में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए चटकपुर निवासी 22 वर्षीय संदीप मुंडा उर्फ रावन और 23 वर्षीय सुनील मुंडा को गिरफ्तार किया।
मामले में दो नाबालिगों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल से घटना से जुड़े कुछ साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों पर पीड़िता की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बरामद साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


