बोकारो:– अपराध पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ बोकारो सिटी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन की अगुवाई में रक्षक राइडर्स, टाइगर मोबाइल और सभी थाना प्रभारियों की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष पेट्रोलिंग और एंटी क्राइम चेकिंग की।
अभियान के दौरान बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ में सरकारी शराब दुकान के पास मजमा लगाकर खुले में शराब पी रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कई लोग शराब की बोतलें मौके पर छोड़कर भाग निकले, जबकि कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
बोकारो सिटी के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि खुले में शराब पीने वालों को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है। अब सरकारी शराब दुकानों के आसपास या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


