जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं निकलता देख बिल्डिंग में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से कई कंप्यूटर, एसी, महत्वपूर्ण कागजी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।


