बेरमो:- बेरमो प्रखंड क्षेत्र के जारंगडीह दक्षिणी पंचायत के मनसा नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका का पद लंबे समय से रिक्त है। सेविका के चयन के लिए करीब एक वर्ष पहले ग्रामसभा आयोजित किए जाने के बावजूद अब तक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन और बच्चों की उपस्थिति पर भी असर पड़ने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 में सेविका के चयन को लेकर पंचायत सचिवालय में ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इस दौरान सेविका पद के लिए कई आवेदकों ने आवेदन दिया था। लेकिन लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और पद अब तक रिक्त पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेविका नहीं होने के कारण आसपास के छोटे बच्चों की आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थिति कम हो गई है। इससे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और केंद्र से मिलने वाली सेवाएं प्रभावित होने की चिंता जताई जा रही है।
वहीं, सेविका पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों ने भी जल्द चयन प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रक्रिया लंबित रहने के कारण आवेदकों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले में जल्द पहल करते हुए रिक्त पद पर सेविका का चयन करने की मांग की है, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हो सके और आसपास के बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
इस मामले में बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने जिला स्तर पर बात करने की बात कही।
अब देखना होगा कि विभाग की ओर से इस लंबित चयन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कब तक आवश्यक कार्रवाई की जाती है।


