HomeJharkhandअंतरजातीय प्रेम विवाह के डेढ़ महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत, जहरीला...

अंतरजातीय प्रेम विवाह के डेढ़ महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने से गई जान; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मेदिनीनगर:– शहर थाना क्षेत्र के नई मुहल्ला बेलवाटिका में 21 वर्षीय रश्मि कुमारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। रश्मि पांकी थाना क्षेत्र के नावागढ़ निवासी राजकुमार साव की बेटी थी। करीब डेढ़ महीने पहले 5 अगस्त 2026 को उसने विशाल कुमार नामक युवक से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पति के साथ नई मुहल्ला बेलवाटिका में रह रही थी।

रश्मि पांकी के मजदूर किसान महाविद्यालय में बीए की छात्रा थी। वहीं उसका पति विशाल कुमार रोटरी स्कूल के पास मोमोज बेचने का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात रश्मि ने किसी बात से नाराज होकर कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर पति उसे इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पति के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में रखा गया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद एमएमसीएच पहुंचे रश्मि के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मृतका के पति की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

मृतका के पिता राजकुमार साव के अनुसार, 3 अगस्त को विशाल उनकी बेटी को कथित तौर पर भगा ले गया था, जिसके बाद पांकी थाना में मामला दर्ज कराया गया था। बाद में 5 अगस्त को दोनों के शादी करने की जानकारी मिली। इसके बाद 19 सितंबर को रश्मि की मौत की सूचना मायके वालों को मिली।

अंतरजातीय विवाह के महज डेढ़ महीने बाद हुई रश्मि की मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, महिला ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया और उसकी मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments