रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल बरामद किए हैं।
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 19 सितंबर की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार तीन व्यक्ति इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल बरामद हुए। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां से आए थे और आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की समय पर हुई कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।


