बाघमारा: लोयाबाद थाना क्षेत्र के सात नंबर इलाके में अचानक एक रिहायशी मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
मकान पूरी तरह ध्वस्त हो जाने के कारण घर के अंदर रखा सारा सामान मलबे में दब गया और बर्बाद हो गया। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस और बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने आसपास स्थित अन्य मकानों की सुरक्षा का भी आकलन किया, ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में भू-धंसान की घटनाओं को लेकर पहले से चिंता बनी हुई है। मकान के अचानक गिरने से प्रभावित परिवार के सामने रहने और सामान के नुकसान की समस्या खड़ी हो गई है।


