HomeJharkhandबाघमारा के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, 55 घर प्रभावित; आधे दर्जन...

बाघमारा के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, 55 घर प्रभावित; आधे दर्जन मकान जमींदोज, 500 लोग बेघर

बाघमारा: धनबाद के बाघमारा क्षेत्र के छाताबाद में एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है। इस घटना में करीब आधे दर्जन घरों के जमींदोज होने की बात कही जा रही है, जबकि लगभग 55 घर सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में भू-धंसान की यह तीसरी बड़ी घटना है।

भू-धंसान के कारण इलाके की सड़कें भी कई हिस्सों में टूट गई हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पहले भू-धंसान से प्रभावित परिवारों को जिस सामुदायिक भवन में अस्थायी रूप से ठहराया गया था, वह भवन भी अब क्षतिग्रस्त हो गया है।

स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि आज की घटना के बाद करीब 500 लोग प्रभावित होकर बेघर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में लंबे आंदोलन के बाद बीसीसीएल की ओर से समुचित पुनर्वास, स्थल का सर्वे और प्रभावित क्षेत्र में भराई कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कु मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रभावित लोगों को समुचित व्यवस्था के साथ सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही बीसीसीएल प्रबंधन के साथ बैठक कर भू-धंसान के बाद उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।

भू-धंसान की लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित आशियाने और पुनर्वास की चुनौती बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments