हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बाबा पथ हुरहुरु इलाके में किराये के मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में रह रहे कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। इसके बाद छापामारी टीम गठित कर रामेन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की घेराबंदी की गई। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद पांच लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की मदद से सभी को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम से बने फर्जी आई-कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देते थे और इसके नाम पर उनसे मोटी रकम की साइबर ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत कुमार (21), संजीव कुमार (19), संटु कुमार (34), प्रवीण कुमार (51) और राजू कुमार (21) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क, ठगी की रकम और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।


