चतरा:- नगवां मोहल्ला निवासी टेंपो चालक तिलक यादव पिछले चार दिनों से लापता हैं। वह 13 सितंबर को टेंपो लेकर राजपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। तिलक के लापता होने से उनके परिवार में चिंता का माहौल है। पत्नी और छोटे बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों की सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तिलक की तलाश शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से तिलक का टेंपो लावारिस हालत में बरामद किया है। टेंपो मिलने के बाद पुलिस तकनीकी टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है। तिलक के मोबाइल फोन और अन्य संभावित सुरागों को भी खंगाला जा रहा है।
इधर, तिलक यादव की जल्द और सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ को न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के पास जाम कर दिया। इस आंदोलन को टेंपो चालक संघ के सदस्यों ने भी समर्थन दिया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
टेंपो चालक संघ के जिला अध्यक्ष राजू दबगर ने कहा कि तिलक को लापता हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ-साथ चालक संघ के सदस्यों को भी किसी अनहोनी की चिंता सता रही है। उन्होंने एसपी और एसडीपीओ से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तलाश अभियान को और तेज करने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआई दुखीराम महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि तिलक यादव की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस तकनीकी टीम के सहयोग से हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है। विशेष टीम झारखंड और बिहार के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तिलक को जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने परिजनों और आम लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की।


