HomeJharkhandझारखंड चैंबर के नए अध्यक्ष बने तुलसी पटेल, विकास विजयवर्गीय और रोहित...

झारखंड चैंबर के नए अध्यक्ष बने तुलसी पटेल, विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

रांची:- फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का गठन कर लिया गया है। मंगलवार को चैंबर भवन में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की बैठक चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर एवं पवन शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।

बैठक में तुलसी पटेल को झारखंड चैंबर का अध्यक्ष चुना गया। वहीं विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार को उपाध्यक्ष, रोहित अग्रवाल को महासचिव, अमित शर्मा और पूजा ढाढा को सह सचिव तथा नवजोत अलंग को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

चुनाव पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स के हित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल ने चुनाव के दौरान व्यापार एवं उद्योग जगत से मिले सहयोग और समर्थन के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चैंबर को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्यमियों के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।

उन्होंने झारखंड चैंबर के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय राय बहादुर हरक चंद जैन और संस्थापक सचिव स्वर्गीय ए.आर. बुधिया के प्रति श्रद्धापूर्वक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्थापकों के प्रयास और दूरदृष्टि से स्थापित यह संस्था आज राज्य के व्यापारियों एवं उद्यमियों की सशक्त आवाज बन चुकी है।

तुलसी पटेल ने कहा कि संस्थापकों की सोच, परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाते हुए चैंबर को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सरकार एवं प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा और समन्वय के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

बैठक के बाद चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर एवं पवन शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल समेत सभी पदाधिकारियों को पदभार सौंपा। इस दौरान उन्होंने चैंबर के स्थापना दिवस पर सभी सदस्यों को शुभकामनाएं भी दीं।

बैठक में अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय एवं रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा एवं पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग सहित कार्यकारिणी समिति के सदस्य मौजूद रहे। निवर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा भी बैठक में उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments