बेड़ो प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय उच्च विद्यालय में सोमवार रात करीब 10 बजे छात्रावास की दूसरी मंजिल की बालकनी से चार छात्राएं गिर गईं। हादसे में तीन छात्राएं घायल हुईं, जबकि एक छात्रा सुरक्षित रही। घायल छात्राओं में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज सदर अस्पताल रांची में चल रहा है। उसके हाथ में फ्रैक्चर के साथ सिर और पैर में चोट लगी है। दो छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की स्कूल पहुंचे और वार्डन मेरी अलमा कुजूर तथा शिक्षिका राखी जायसवाल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। वार्डन के अनुसार, छात्रावास की बालकनियां जर्जर होने के कारण कमरों के दरवाजे सीमेंट से स्थायी रूप से बंद किए गए थे। छात्राओं ने लॉक तोड़कर दरवाजा खोला और बालकनी में चली गईं, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
बंधु तिर्की ने वार्डन को छात्राओं पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने छात्रावास और परिसर में बन रहे नए भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की बात कही।


