रांची:– सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) और रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गौतम कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को रिंग रोड स्थित एक होटल से पकड़ा। वह रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया गया है। आरोपी के ठिकाने से सेना और MES से संबंधित बड़ी संख्या में फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से मोटी रकम वसूलता था। इसके बाद सेना या MES में नियुक्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर युवाओं को भरोसे में लिया जाता था। जांच में कई युवाओं के इस ठगी का शिकार होने की बात सामने आई है।
मामले में शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने ऑनलाइन भुगतान के जरिए 6.50 लाख रुपये दिए थे। प्राथमिकी में गौतम कुमार के अलावा चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच करने के साथ उनकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं, फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज कहां तैयार किए जाते थे और अब तक कितने युवाओं से ठगी की जा चुकी है।


