रांची:– पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को नेपाल हाउस स्थित विभागीय कॉन्फ्रेंस हॉल में धनबाद अंचल के अंतर्गत संचालित तेनुघाट बहु-ग्रामीण एवं एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं में अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है, उनमें 15 दिनों के भीतर काम प्रारंभ कराना सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित अवधि में कार्य शुरू नहीं करने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ भी नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने राज्य स्तर पर एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर सभी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण और विस्तृत समीक्षा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजी प्रगति के बजाय क्षेत्र में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए।
उन्होंने क्षेत्र भ्रमण को प्राथमिकता देने और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं तथा पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


