रामगढ़, झारखंड:– रामगढ़ जिले के सीमावर्ती गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लेवी और रंगदारी वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। गिद्दी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और पल्सर बाइक बरामद की है।
गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने के लिए काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से गिद्दी क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए तत्काल छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, रंगदारी और लेवी की रकम वसूलने के बाद आरोपी बुंडू-बसरिया होते हुए रामगढ़ की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और टोंगी गिद्दी मेन रोड के पास बाइक रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव, पिता प्रमोद साव, निवासी सौदागर मोहल्ला, रामगढ़ कैंट और अविनाश कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता राजेश साव, निवासी कोरीटोला मुंडा टोली, रामगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से लेवी के 40 हजार रुपये, मोबाइल फोन और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में गिद्दी थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत रंगदारी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी टीम में गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, पुअनि दामुराम बोयपाई, चंदन उरांव, सुनील कुमार, ओम प्रकाश कुमार महतो, आरक्षी-262 राजेंद्र कुमार और अनिल कुमार सिंह शामिल थे।


