HomeJharkhandबॉडीगार्ड हटाए जाने पर पूर्व मंत्री दुलाल भुइयाँ ने जताई जान को...

बॉडीगार्ड हटाए जाने पर पूर्व मंत्री दुलाल भुइयाँ ने जताई जान को खतरे की आशंका, बोले- मेरी हत्या हुई तो हेमंत सोरेन होंगे जिम्मेदार

जमशेदपुर:– झारखंड के पूर्व मंत्री और भुइयाँ समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुइयाँ ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सभी बॉडीगार्ड हटा लिए गए हैं, जिसके बाद उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। दुलाल भुइयाँ ने कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिम्मेदार होंगे।

दुलाल भुइयाँ ने कहा कि वह झारखंड के अलग-अलग जिलों में लगातार कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं, लेकिन वर्तमान में वह बिना बॉडीगार्ड के ही दौरा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनके सभी बॉडीगार्ड क्यों हटा दिए गए, जबकि वह तीन बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके हैं।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि कई नेताओं को प्रोटोकॉल से बाहर जाकर भी सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन उनकी सुरक्षा पूरी तरह हटा दी गई है। उन्होंने कहा कि भुइयाँ समाज की बैठकों और महापंचायतों में यह स्पष्ट किया गया है कि अगर उनकी हत्या होती है तो समाज के लोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करेंगे।

दुलाल भुइयाँ ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए डीजीपी, एसएसपी और डीसी को पत्र भी दिया है, लेकिन अब तक उन्हें सुरक्षा नहीं मिली है। उन्होंने इसे प्रोटोकॉल से जुड़ा मामला बताते हुए जल्द सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भुइयाँ समाज की ओर से विभिन्न जिलों में महापंचायतों का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया है। जल्द ही रांची में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी आमंत्रित करने की योजना है।

दुलाल भुइयाँ ने कहा कि झारखंड में भुइयाँ समाज की बड़ी आबादी है और जो राजनीतिक दल या नेता समाज के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा, समाज उसी के साथ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज को राजनीतिक रूप से भी मजबूत किया जाएगा।

दुलाल भुइयाँ, पूर्व मंत्री एवं भुइयाँ समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments