बाघमारा:– बीसीसीएल एरिया-5 के सिजुआ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार अहले सुबह हुए भू-धंसान में एक बच्चे की मौत और करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने के बाद आक्रोश बढ़ गया है। हादसे में करीब एक दर्जन मकानों में दरारें भी पड़ गई हैं।
पोस्टमार्टम के बाद मृत बच्चे का शव लेकर परिजन और स्थानीय लोग सिजुआ एरिया महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इससे पहले मंगलवार को करीब 14 घंटे तक सड़क जाम कर लोगों ने विरोध जताया था। मुआवजे को लेकर मंगलवार को प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच हुई वार्ता भी विफल रही थी।
मृतक बच्चे के पिता भीम बहादुर उर्फ गुड्डू ने दर्द बयां करते हुए कहा कि अपने मृत बच्चे की क्या कीमत लगाएं। उन्होंने प्रबंधन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उनका कहना है कि परिवार के कई सदस्य अस्पताल में हैं और हादसे में उन्होंने अपना बड़ा बेटा खो दिया।
वहीं कांग्रेस नेता अशोक प्रकाश लाल ने बीसीसीएल प्रबंधन पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कहीं मुआवजा दिया जाता है और कहीं कुछ भी नहीं मिलता, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, नियोजन और जरेडा के तहत सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
अशोक प्रकाश लाल ने आरोप लगाया कि लंबे समय से चल रही कथित अवैध माइनिंग के कारण भू-धंसान की घटना हुई और इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। वहीं मनोज कुमार ने कहा कि अन्य क्षेत्रों में समान घटनाओं में 10 लाख रुपये तक मुआवजा दिए जाने की बात सामने आई है, इसलिए उसी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए।
फिलहाल शव रखकर आंदोलन जारी है और प्रबंधन की ओर से वार्ता के लिए कोई अधिकारी सामने नहीं आया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा कब तक मिलता है।

