जमशेदपुर:– शहरवासियों के लिए पुलिस से जुड़ी सेवाएं और जरूरी जानकारी हासिल करना अब और आसान हो गया है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने “जोहार पुलिस” (JOHAR POLICE) चैटबॉट सेवा शुरू की है, जिसके जरिए लोग घर बैठे WhatsApp पर कई पुलिस सेवाओं की जानकारी और सहायता ले सकेंगे।
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल से 9471167577 नंबर पर सिर्फ “Hi” भेजना होगा। चैटबॉट के जरिए खोए हुए मोबाइल, साइबर अपराध, ट्रैफिक और चालान, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र और पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकेगी।
इसके अलावा पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस, नजदीकी थाना, महिला सुरक्षा, ईव-टीजिंग, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और पुलिस को शिकायत, सुझाव एवं फीडबैक देने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस के मुताबिक, इस पहल से लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी और पुलिस-जनता के बीच संवाद को तेज और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने जिले के लोगों से “जोहार पुलिस” चैटबॉट का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।

