गिरिडीह :- 09 सितंबर 2026
भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने साइबर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को कथित तौर पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, जीवलाल मंडल ने सब इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने के बाद ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि तय योजना के तहत जैसे ही सब इंस्पेक्टर कथित रूप से रिश्वत की रकम लेने पहुंचा, पहले से मौजूद ACB अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत की रकम बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।

