रांची। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार और पाठ्यपुस्तक निर्माण में सराहनीय कार्य करने वाले 192 शिक्षकों को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। जेईपीसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चयनित शिक्षकों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में पश्चिमी सिंहभूम की रंजीता गांधी और चाईबासा की शिल्पा गुप्ता को राजकीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार तथा पाठ्यक्रम एवं पाठ्यपुस्तक निर्माण में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में महान शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को भी याद किया गया। इस मौके पर झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशिरंजन ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, उनके चरित्र निर्माण और बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के साथ विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन और जिज्ञासा की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
सम्मानित शिक्षकों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब उनके मेहनत और कार्यों को सम्मान मिलता है, तो उनके भीतर और बेहतर करने की प्रेरणा पैदा होती है। यह प्रोत्साहन न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ाता है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयासों और नवाचार को भी गति देता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

