रांची। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और मनोहारी सजावट से सजाया गया है।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि भगवान श्री राधा-कृष्ण के विशेष श्रृंगार के लिए वृंदावन से जड़ित आभूषणों से सुसज्जित विशेष वस्त्र मंगाए गए हैं। जन्माष्टमी के दिन भगवान का भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।
महोत्सव में कोलकाता से आए कलाकारों की विशेष नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की प्रेम एवं भक्ति, कंस वध और श्रीकृष्ण के दिव्य चरित्र का मनोहारी मंचन किया जाएगा।
मंदिर परिसर में आकर्षक झूलन भी तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न रंगों के सुंदर वस्त्रों में सजे लड्डू गोपाल विराजमान होंगे। श्रद्धालु भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर झूलन उत्सव का आनंद ले सकेंगे।
महोत्सव के दौरान सुबह 5:30 बजे मंगला आरती, 9 बजे श्रृंगार आरती और 11 बजे थाल भोग अर्पित किया जाएगा। शाम 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे और 6 बजे संध्या आरती होगी। इसके बाद रात 7 बजे से भजन, संकीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे।
भजन गायक मनीष सोनी एवं कोलकाता से आए जागरण मंडली के कलाकार देर रात तक भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन अवसर पर विशेष आरती और जयघोष के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

