**रांची:- JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने राज्य सरकार को **48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में गड़बड़ी के कारण लंबे समय से तैयारी कर रहे छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हुआ है।
मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर छात्रों के हित में कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान विभिन्न जिलों में दर्ज FIR को तत्काल रद्द करने की मांग की।
भाजपा का आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई और बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज किए गए। पार्टी ने छात्रों पर कार्रवाई के साथ-साथ आंदोलन के दौरान हिंसा करने के आरोपों की भी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में भाजपा ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
🔹 छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR तत्काल वापस ली जाए।
🔹 JPSC/JSSC की कथित परीक्षा धांधली और रद्द या स्थगित परीक्षाओं की CBI जांच की अनुशंसा की जाए।
🔹 परीक्षा गड़बड़ी में कथित रूप से शामिल आयोग के सदस्यों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आदित्य साहू ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मांगों पर समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

