जमशेदपुर:– दलमा और उससे सटे सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असिम मंडल उर्फ आकाश समेत छह वांछित उग्रवादियों के नए पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों को ग्रामीण क्षेत्रों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जा रहा है ताकि आम लोगों तक इनकी पहचान और जानकारी पहुंच सके।
पटमदा डीएसपी नित्यानंद कुमार ने बताया कि जारी पोस्टरों में छह वांछित नक्सलियों की तस्वीर, नाम और उन पर घोषित इनाम की राशि का उल्लेख किया गया है। इनमें एक करोड़ रुपये के इनामी असिम मंडल उर्फ आकाश के अलावा 15 लाख रुपये के इनामी राम प्रसाद उर्फ सचिन, 10 लाख रुपये की इनामी मीता, 5 लाख रुपये के इनामी मंगल सिंह सरदार, 2 लाख रुपये की इनामी मालती मुर्मू और 1 लाख रुपये के इनामी बुलू महतो शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ये पोस्टर एमजीएम, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और दलमा से जुड़े सीमावर्ती गांवों में लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि इन उग्रवादियों की गतिविधियों या ठिकानों से जुड़ी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी सूचना देने वालों को घोषित इनाम की राशि भी प्रदान की जाएगी।
वहीं, दलमा और आसपास के जंगल क्षेत्रों में पुलिस तथा कोबरा बटालियन द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मदन महतो की गिरफ्तारी के बाद से असिम मंडल और उसके दस्ते की गतिविधियों को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि वह अपने सहयोगियों के साथ अब भी दलमा और सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय हो सकता है। इसी को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी और तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है।


