रांची:- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं कोतवाली एएसपी ने पांड्ररा स्थित बालाश्रय और चुटिया स्थित प्रेमाश्रय पहुंचकर बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस दौरान आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखियां बांधीं और उन्हें अपना भाई व संरक्षक मानते हुए स्नेह और विश्वास का भाव जताया। पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की इच्छाओं के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।
रक्षाबंधन का यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी भी है।
इस अवसर पर स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


