चतरा में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में अपराधी घायल
चतरा: चतरा जिले में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। टंडवा थाना क्षेत्र में शुशी कंपनी के कार्यालय में हुई फायरिंग के करीब 40 घंटे के भीतर पुलिस और गैंग के एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से अपराधी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी चतरा अनिमेष नैथानी और एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई। थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान बसरिया के पास पुलिस और अपराधी का आमना-सामना हो गया।
शुशी कंपनी के कार्यालय में हुई थी फायरिंग
बताया गया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे चार नकाबपोश अपराधियों ने टंडवा के उड़सू स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना की आउटसोर्सिंग कंपनी शुशी के कार्यालय को निशाना बनाया था। अपराधियों ने कार्यालय पर करीब 20 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस को अपराधियों के संबंध में जानकारी मिलने के बाद अलग-अलग इलाकों में छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
मुठभेड़ के बाद एक अपराधी गिरफ्तार
इसी अभियान के दौरान बसरिया के पास पुलिस की टीम का राहुल दुबे गैंग के एक अपराधी से सामना हुआ। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए अपराधी से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में अभियान जारी है।
पुलिस की ओर से अभी मुठभेड़ और गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। चतरा एसपी मामले में जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई की जानकारी दे सकते हैं।


