राँची: राँची पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों, वीडियो, संदेशों और अन्य सूचनाओं को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें।
पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक एवं स्वार्थी तत्व जानबूझकर झूठी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित कर लोगों को उकसाने तथा कानून-विरुद्ध गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों का उद्देश्य समाज में अशांति, तनाव, वैमनस्य और अराजकता का माहौल पैदा कर अपने निजी स्वार्थ को पूरा करना हो सकता है।
राँची पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी के उकसावे में आकर कानून अपने हाथ में लेना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। इससे सामाजिक शांति और आपसी सद्भाव भी प्रभावित हो सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री मिलने पर उसे वायरल करने के बजाय तत्काल संबंधित पुलिस या प्रशासन को इसकी सूचना दें। साथ ही शांति, सद्भाव और सामाजिक भाईचारा बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
राँची पुलिस ने लोगों से कहा है—सतर्क रहें, सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों के जाल में न फँसें। किसी के स्वार्थ का साधन न बनें।


