हजारीबाग: जिले में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। घायल अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और मुठभेड़ में शामिल अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।


