रांची: JPSC-JSSC न्याय मंच ने भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों को लेकर एक बार फिर आंदोलन का ऐलान किया है। मंच की ओर से 24 अगस्त से ‘भर्ती सुधार यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की गई है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के गांव नेमरा से की जाएगी।
देवेंद्र महतो के मुताबिक, JPSC की 12वीं और 13वीं परीक्षा के साथ JSSC CGL को लेकर हाईकोर्ट में सरकार की ओर से मजबूती से पक्ष नहीं रखे जाने के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार का रवैया छात्रों के हित में नहीं है।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त से शुरू होने वाली भर्ती सुधार यात्रा के दौरान राज्य के 24 जिला मुख्यालयों, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और प्रमुख चौक-चौराहों पर जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार के कथित ‘दोहरा चरित्र’ को छात्रों और आम लोगों के सामने उजागर करने की बात कही गई है।
15 सितंबर को CM आवास घेराव की चेतावनी
छात्र नेता देवेंद्र महतो ने कहा कि अगर 15 सितंबर को हाईकोर्ट में सरकार की ओर से छात्रों के पक्ष में मजबूती से पैरवी नहीं की गई, तो इसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।
क्या है छात्रों की मांग?
देवेंद्र महतो ने कहा कि उनकी मुख्य मांग है कि छात्रों के साथ न्याय किया जाए और जिन लोगों ने कथित तौर पर गलत तरीके से नौकरी हासिल की है, उनकी जांच कर दोषी पाए जाने पर उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए।
अब 24 अगस्त से शुरू होने वाली भर्ती सुधार यात्रा के जरिए छात्र संगठन राज्यभर में आंदोलन को कितना व्यापक रूप देता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।


