गढ़वा: जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महज 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमिका के परिजनों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को बभनी गांव में एक युवक का शव महुआ के पेड़ से संदिग्ध परिस्थिति में लटका मिला था। मृतक की पहचान टप्पू रजवार के रूप में हुई। ग्रामीणों ने शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ता एक घर में पहुंचा, जिसके बाद पुलिस का शक गहरा गया। घर में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कथित तौर पर प्रेमिका के परिजनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की गला घोंटकर हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। मामले में प्रेमिका की दादी मनमतिया देवी, दादा राम प्यारी रजवार और चाचा सुनील रजवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रस्सी और गमछा भी बरामद किया है।
एसडीपीओ दिल्लु लोहार ने बताया कि पुलिस ने मामले का खुलासा 48 घंटे के भीतर कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


