कोडरमा :- मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत अंतर्गत बहादुरपुर गांव में एक 19 वर्षीय विवाहिता की फांसी लगाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गुंजन देवी, पति विवेक यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुंजन देवी रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके जाना चाहती थी। पड़ोसी पंकज यदुवंशी के मुताबिक, मायके जाने को लेकर ससुराल पक्ष से उसकी कहासुनी हुई थी। इसी बीच दोपहर में गुंजन के मायके वाले भी बहादुरपुर पहुंचे और समझाने-बुझाने के बाद वापस लौट गए।
बताया गया कि शाम के समय गुंजन ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसकी सास ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर गुंजन फंदे से लटकी दिखाई दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मरकच्चो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि गुंजन की शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। उसका मायका गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के बुड़ियाबाद गांव में है। जानकारी के अनुसार, उसका पति फिलहाल दिल्ली में है और घर में वह अपनी सास के साथ रह रही थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


