HomeJharkhandभाजपा ने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियों पर जताई चिंता, निर्वाचन विभाग से...

भाजपा ने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियों पर जताई चिंता, निर्वाचन विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग

रांची:- झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के तहत मतदाता सूची के दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन विभाग को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए मामले की जांच और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा ने विशेष रूप से संथाल परगना प्रमंडल के साहेबगंज और गोड्डा जिलों में मतदाता सूची को लेकर सामने आ रही विसंगतियों पर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है और SIR का उद्देश्य योग्य भारतीय मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करना तथा अपात्र नामों को हटाना है।

ज्ञापन में कहा गया है कि 15 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि में फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा रही है। भाजपा ने मांग की है कि ऐसे मतदाताओं, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में है लेकिन 2003 के आधार पर उनका सत्यापन नहीं हो पाया है और वे ‘No Mapping’ सूची में हैं, उनकी सुनवाई के बाद विधानसभा क्षेत्रवार स्वीकृत सूची सार्वजनिक की जाए।

साहेबगंज में मतदाता सूची में विसंगतियों का दावा

भाजपा ने साहेबगंज जिले के राजमहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 343 और गृह संख्या 01 का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2019 की मतदाता सूची में यहां चार मतदाताओं के नाम थे, जबकि 25 जुलाई 2024 को प्रकाशित सूची में संख्या बढ़कर 39 हो गई। ज्ञापन में मतदाताओं की उम्र और पारिवारिक संबंधों में भी कथित विसंगतियों का उल्लेख किया गया है।

इसी तरह राजमहल विधानसभा के बूथ संख्या 187, गृह संख्या 137 में वर्ष 2019 में 12 मतदाता थे, जबकि वर्तमान सूची में यह संख्या 26 होने का दावा किया गया है।

भाजपा ने बोरियो विधानसभा के मंडरो प्रखंड स्थित लालमाटी गांव की मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि गांव में मुस्लिम परिवार नहीं होने के बावजूद मतदाता सूची में दर्जनों मुस्लिम मतदाताओं के नाम दर्ज हैं और उनके तेलियागढ़ी बूथ पर मतदान करने की बात सामने आई है।

ज्ञापन में साहेबगंज जिले में उम्र संबंधी कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया गया है। भाजपा के अनुसार, कुछ मामलों में पिता-पुत्र की उम्र में महज दो-तीन वर्ष का अंतर दर्ज है।

गोड्डा में फार्म-7 लेने से इनकार का आरोप

भाजपा ने आरोप लगाया कि 25 अगस्त 2026 को गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के बसंतराय प्रखंड में बूथ संख्या 9 और 38 के बीएलए-2 द्वारा प्रस्तुत फार्म-7 लेने से बीएलओ ने कथित तौर पर इनकार कर दिया। पार्टी के अनुसार, मामले की मौखिक जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि बूथ संख्या 9 पर बीएलए-2 द्वारा जमा किए गए फार्म-7 और बीएलए-2 के नाम व राजनीतिक दल की जानकारी सार्वजनिक कर दी गई, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति को स्थानीय स्तर पर दबाव और धमकी का सामना करना पड़ रहा है।

राकेश प्रसाद ने निर्वाचन विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। इस दौरान बबन गुप्ता और सुनील साहू भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments