HomeCareerभर्ती सुधार यात्रा हजारीबाग पहुंची, देवेंद्र नाथ महतो बोले- नियुक्ति व्यवस्था में...

भर्ती सुधार यात्रा हजारीबाग पहुंची, देवेंद्र नाथ महतो बोले- नियुक्ति व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी

हजारीबाग:- जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रिया में सुधार एवं कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में रामगढ़ से शुरू हुई ‘भर्ती सुधार यात्रा’ मंगलवार को चतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए हजारीबाग पहुंची। यात्रा के दौरान युवाओं और अभिभावकों को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के लिए जागरूक किया गया।

यात्रा गिद्धौर, कटकमसांडी समेत कई इलाकों से होते हुए देर शाम हजारीबाग के गांधी मैदान पहुंची। यहां बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक जुटे। इसके बाद छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाते हुए गांधी मैदान से कोरा चौक तक मार्च किया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नियोजन प्रक्रिया में गड़बड़ी से मेधावी और योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा चिंता जताया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से पारदर्शी और निष्पक्ष नियुक्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि ‘भर्ती सुधार यात्रा’ का उद्देश्य पूरे राज्य में छात्रों और अभिभावकों को जागरूक करना तथा भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाना है।

यात्रा में देवेंद्र नाथ महतो के अलावा मनोज यादव, पूजा महतो, उदय मेहता, प्रेम नायक, रामावतार महतो, अयुब अली, विनय मेहता और राजेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक मौजूद रहे।

कल बुधवार को ‘भर्ती सुधार यात्रा’ कोडरमा जिले में प्रवेश करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments