HomeCrimeचतरा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, देसी बंदूक और चोरी की...

चतरा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, देसी बंदूक और चोरी की 4 बाइक के साथ अपराधी गिरफ्तार

चतरा: वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिमरिया थाना क्षेत्र के कासितातू गांव में छापेमारी कर पुलिस ने देसी बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कासितातू गांव निवासी जेठू गंझू के पुत्र मुकेश गंझू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के तार लातेहार और रांची के बाइक चोर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उन्हें दूसरे जिलों में ले जाकर खपाते थे। पुलिस को शक है कि चोरी की बाइक को बिहार में बेचने की तैयारी थी।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

एसपी अनिमेष नैथानी ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरिया थाना क्षेत्र के कासितातू गांव में मुकेश गंझू के पास चोरी की कई मोटरसाइकिलें रखी हुई हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस टीम ने कासितातू गांव में पहुंचकर छापेमारी की और मौके से मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी बंदूक और चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पूछताछ में गिरोह को लेकर मिले अहम सुराग

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में लातेहार और रांची जिले के कुछ अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

बिहार में चोरी की बाइक खपाने की थी तैयारी

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस की कार्रवाई से पहले ही चार चोरी की बाइक बरामद कर ली गईं।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चारों मोटरसाइकिलें कहां-कहां से चोरी की गई थीं और इस गिरोह ने अब तक कितने वाहनों को बिहार या अन्य इलाकों में बेच दिया है।

पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments