गढ़वा। बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में बुधवार को महुआ के पेड़ से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में झूलता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बभनी गांव निवासी टप्पू रजवार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से दौड़ते हुए बभनी गांव के एक घर में जा घुसा। इसके बाद पुलिस ने घर के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


