बोकारो: चास थाना क्षेत्र के महावीर चौक स्थित सरकारी शराब की कंपोजिट दुकान नंबर-22 में डुप्लीकेट शराब मिलने के आरोप के बाद जमकर हंगामा हुआ। दुकान के प्रोपराइटर संजीव कुमार बताए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता युवक मिलन मंडल के अनुसार, उनके एक मित्र ने इसी दुकान से शराब की बोतल खरीदी थी। बाद में शराब के डुप्लीकेट होने का पता चलने का दावा किया गया।
मिलन मंडल के मुताबिक, मामले की शिकायत लेकर जब वे दुकान पहुंचे तो दुकानदार ने दुकान मालिक का मोबाइल नंबर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने फोन के जरिए मामले की जानकारी मंत्री को भी दी।
लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आबकारी विभाग का कोई अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा। इससे विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, झामुमो नेता सफल बाउरी ने भी बताया कि स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद मंत्री को मामले की सूचना दी गई, लेकिन विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक के लोग मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इससे पहले भी बोकारो में सरकारी शराब दुकान से एक्सपायरी बीयर मिलने का मामला सामने आने की बात कही गई थी।
हालांकि, डुप्लीकेट शराब होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


