ट्रंप ने भारत की वोटर आईडी व्यवस्था को बताया मजबूत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में वोटिंग के लिए अनिवार्य फोटो पहचान पत्र की जरूरत पर जोर देते हुए भारत की चुनावी व्यवस्था का उदाहरण दिया। उन्होंने भारत की वोटर आईडी व्यवस्था की तारीफ करते हुए इसे मजबूत बताया।
ट्रंप ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कुमार ने अमेरिका में वैध फोटो आईडी के बिना चुनाव होने को लेकर सवाल उठाया था। ट्रंप ने भारत के पिछले लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया और वोटरों के पास वैध फोटो पहचान पत्र था।
ट्रंप अमेरिका में वोटर रजिस्ट्रेशन के नियमों को सख्त करने के लिए SAVE America Act को जल्द मंजूरी देने की मांग कर रहे हैं। इस प्रस्तावित कानून में मतदाता पंजीकरण के दौरान पहचान और नागरिकता की जांच को मजबूत करने की बात कही गई है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी की भारत की तारीफ
ट्रंप की टिप्पणी भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की मुलाकात के करीब एक सप्ताह बाद सामने आई है। दोनों अधिकारियों के बीच चुनाव प्रबंधन और चुनाव कर्मचारियों के प्रशिक्षण को लेकर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई थी।
सर्जियो गोर ने भी ट्रंप की टिप्पणी का समर्थन करते हुए भारत की वोटर आईडी व्यवस्था की सराहना की।


