HomeCultureअंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, ‘हर-हर...

अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा देवघर

देवघर: श्रावणी मेले की अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवरिये बाबा पर जलार्पण के लिए कतार में लगने लगे। हालांकि, पिछली सोमवारी की तुलना में इस बार भीड़ कुछ कम रही और कांवरियों की कतार बीएड कॉलेज पंडाल तक ही सीमित रही। इसके बावजूद पूरा बाबा धाम ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।

बाबा मंदिर का पट निर्धारित समय के अनुसार सुबह 3:05 बजे खोला गया। सबसे पहले पुरोहित समाज की ओर से बाबा भोलेनाथ की पारंपरिक कच्चा जल पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद मंदिर के महंत श्रीश्री सरदार पंडा गुलाब नंद ओझा ने बाबा बैद्यनाथ की दैनिक सरकारी पूजा की।

पूजा-अर्चना के बाद सुबह 4:15 बजे से आम कांवरियों के लिए जलार्पण शुरू कराया गया। मुख्य अरघा के साथ बाहरी अरघा में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार रही। सरदार पंडा लेन, शिवगंगा लेन, बैद्यनाथ लेन और बाबा मंदिर के पूरब द्वार की ओर जाने वाले रास्तों पर कांवरियों की भीड़ देखने को मिली।

अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा मंदिर और परिसर के प्रमुख द्वारों को कोलकाता से मंगाए गए फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की सजावट ने मंदिर परिसर की भव्यता को और बढ़ा दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा बल और दंडाधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। देर रात से सुबह तक पूरा बाबा धाम भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था की निगरानी के लिए आईजी कन्हैया लाल मयूर पटेल, डीसी सौरभ भुवनिया, एसपी प्रवीन पुष्कर, एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार समेत कई वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments