HomeCrimeशादी के कार्ड के नाम पर APK फाइल से साइबर ठगी का...

शादी के कार्ड के नाम पर APK फाइल से साइबर ठगी का खतरा, बोकारो पुलिस ने किया अलर्ट

परिचित के WhatsApp नंबर से आए शादी के निमंत्रण को भी बिना पुष्टि के न खोलें, APK फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हो सकता है हैक

बोकारो:- साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगी का शिकार बनाने का एक नया तरीका अपनाया है। अब शादी के निमंत्रण के नाम पर WhatsApp पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल और WhatsApp अकाउंट को निशाना बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि यह मैसेज किसी परिचित के नंबर से भी आ सकता है, जिससे लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं।

जैसे ही कोई व्यक्ति शादी के कार्ड के नाम पर भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, उसके मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। साइबर अपराधी मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर WhatsApp और कॉन्टैक्ट्स का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद पीड़ित के परिचितों को भी मैसेज भेजकर ठगी का प्रयास किया जा सकता है।

पुलिसकर्मी भी फंसे साइबर ठगों के जाल में

बोकारो में इस तरह के मैसेज लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला स्पेशल ब्रांच में तैनात ASI रणधीर कुमार सिंह से जुड़ा है। उन्हें भी शादी के कार्ड के नाम पर APK फाइल भेजी गई थी।

फाइल डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल करीब डेढ़ से दो घंटे तक साइबर अपराधियों के नियंत्रण में रहा। इस दौरान उनके जानने वालों को भी मैसेज भेजे गए। स्थिति को संभालने के लिए बाद में उन्हें मोबाइल दुकान जाकर फोन रिसेट कराना पड़ा।

DSP पवन कुमार ने लोगों को किया सावधान

बोकारो के मुख्यालय DSP पवन कुमार ने लोगों से इस तरह के साइबर फ्रॉड को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं और शादी के निमंत्रण के नाम पर भेजी जा रही APK फाइल भी इसी तरह का साइबर फ्रॉड है।

उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। यदि किसी परिचित के WhatsApp नंबर से भी ऐसी फाइल आए तो पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर इसकी पुष्टि जरूर करें।

साइबर ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

🔹 WhatsApp पर आई किसी भी अनजान APK फाइल को इंस्टॉल न करें।
🔹 परिचित के नंबर से आए संदिग्ध मैसेज की भी फोन करके पुष्टि करें।
🔹 मोबाइल में अनजान ऐप को इंस्टॉल करने की अनुमति न दें।
🔹 WhatsApp की सुरक्षा सेटिंग्स और टू-स्टेप वेरिफिकेशन को सक्रिय रखें।
🔹 संदिग्ध लिंक या फाइल पर क्लिक करने से बचें।
🔹 यदि मोबाइल का व्यवहार अचानक असामान्य हो जाए तो तुरंत इंटरनेट बंद कर विशेषज्ञ या साइबर पुलिस से संपर्क करें।
🔹 किसी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधियों के नए तरीकों को लेकर जागरूक रहें और शादी का कार्ड देखकर भावनाओं में आकर किसी भी APK फाइल को डाउनलोड न करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments