Home Jharkhand रांची में जलापूर्ति योजना को लेकर बड़ा अपडेट, 32 करोड़ रुपये से...

रांची में जलापूर्ति योजना को लेकर बड़ा अपडेट, 32 करोड़ रुपये से बिछेगी पाइपलाइन; 15 हजार नए घरों तक पहुंचेगा पानी

0
7

रांची: राजधानी रांची में पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए चल रही शहरी जलापूर्ति योजना का काम जल्द पूरा करने की तैयारी तेज कर दी गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने शुक्रवार को योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों और जुडको को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि रांची शहरी जलापूर्ति योजना का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। अब मुख्य रूप से रिंग रोड स्थित तिलता से पिस्का मोड़ और रातू रोड तक करीब 10 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम बाकी है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सड़क कटिंग और दोबारा निर्माण की लागत के रूप में जल्द ही 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।

तिलता चौक तक 400 मीटर पाइपलाइन का काम जल्द पूरा करने का निर्देश

प्रधान सचिव ने एनसीसी एजेंसी को रुक्का से तिलता चौक के बीच बची हुई करीब 400 मीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन का काम पूरा होने से जलापूर्ति योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में बताया गया कि एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) मिलने के बाद सड़क की कटिंग कर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद सड़क को पुराने स्वरूप में लाने में करीब छह महीने का समय लग सकता है। इस काम के पूरा होने के बाद रांची शहर में पेयजलापूर्ति का दायरा और बढ़ सकेगा।

अप्रैल तक पूरा होगा इंटेक वेल और जलशोध संयंत्र का काम

प्रधान सचिव ने रुक्का डैम में निर्माणाधीन 360 एमएलडी क्षमता वाले इंटेक वेल का काम अप्रैल तक पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, रुक्का में जलशोधन संयंत्र (WTP) बनकर तैयार है। इसमें विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए बिजली विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। इसके लिए पुराने बिजली के खंभों को शिफ्ट करने का काम भी शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, इंटेक वेल, जलशोधन संयंत्र और पाइपलाइन से जुड़े शेष कार्य पूरे होने के बाद नई सराय लाइन के माध्यम से करीब 15 हजार नए आवासों तक पानी पहुंचाना संभव होगा।

अब तक 1100 किलोमीटर पाइपलाइन और 55 हजार हाउस कनेक्शन

बैठक में बताया गया कि रांची शहर में अब तक लगभग 1100 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसके अलावा करीब 55 हजार आवासों को हाउस कनेक्शन भी दिया जा चुका है। योजना के अगले चरण में शेष पाइपलाइन और जरूरी ढांचागत कार्यों को पूरा कर अधिक से अधिक घरों तक नियमित पेयजलापूर्ति पहुंचाने का लक्ष्य है।

प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी संबंधित एजेंसियों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रांची के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here