रांची:- भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कमिटी में मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बुधवार को पहली बार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने पार्टी के पथ प्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रदीप वर्मा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को मजबूती मिलेगी। राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और कार्यक्षमता का सम्मान है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी जताया।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रदीप वर्मा के संगठनात्मक अनुभव और कुशल नेतृत्व से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन और मजबूत होगा।
वहीं प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां मेहनत, परिश्रम और समर्पण के बल पर कार्यकर्ता ऊंचे पद तक पहुंच सकता है। यह जिम्मेदारी केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह और परिश्रम का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस संगठन के विस्तार और उसे और मजबूत बनाने पर रहेगा। इसके लिए वह पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ काम करेंगे। प्रदीप वर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मुनेश्वर साहू, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, अशोक बड़ाईक, केके गुप्ता, शोभा यादव, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, राहुल अवस्थी, रजनीश पांडे, रमेश सिंह, राकेश भास्कर, ललित ओझा, शशि भूषण भगत, पंकज सिन्हा, गोपाल सोनी, इंद्रजीत यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


