रांची: -झारखंड के कथित शराब घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर मंगलवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने राज्य सरकार से याचिका की मेंटेबिलिटी (सुनवाई योग्य होने) और मामले से जुड़े तथ्यों पर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अब 1 अक्टूबर को होगी।
प्रार्थी की ओर से वरीय अधिवक्ता राजीव सिन्हा ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा। यह जनहित याचिका विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से दाखिल की गई है, जिसमें कथित शराब घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि कथित शराब घोटाले में एक आईएएस अधिकारी समेत कई हाई प्रोफाइल लोग शामिल हैं। याचिकाकर्ता की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने का आग्रह किया गया है।
अब हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार को याचिका की सुनवाई योग्य होने और मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं पर अपना जवाब दाखिल करना होगा। 1 अक्टूबर की सुनवाई में मामले की आगे की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।


