रांची: झारखंड में युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 5 नवंबर को राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच ECINET ऐप डाउनलोड कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
ECINET ऐप से भर सकेंगे फॉर्म-6
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि राज्य के सीनियर सेकेंडरी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विशेष अभियान चलाया जाए। विद्यार्थियों को ECINET ऐप डाउनलोड करने और इसके जरिए फॉर्म-6 भरकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसका उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के जरिए युवाओं तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए ELC की गतिविधियों में तेजी लाने और शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत है।
‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन
युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थी निर्वाचन से जुड़े विभिन्न विषयों पर वीडियो आधारित भाषण तैयार कर सकेंगे और उसे गूगल फॉर्म के माध्यम से जमा कर पाएंगे।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करना है।
सोशल मीडिया पर भी होगा प्रचार-प्रसार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन गतिविधियों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे।

