कोडरमा। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी की सब्जी खाने से एक ही परिवार के पांच लोग बीमार पड़ गए। सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खुखड़ी की सब्जी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार परिवार के लोगों ने बाजार से बांस में उगने वाली जंगली खुखड़ी खरीदी थी। घर लाने के बाद उसकी सब्जी बनाकर परिवार के सदस्यों ने खाना खाया। खाना खाने के कुछ देर बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और पेट फूलने जैसी शिकायतें होने लगीं।
स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने बिना देर किए सभी को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी का उपचार शुरू किया।
पांच लोग अस्पताल में भर्ती
बीमार लोगों की पहचान मुन्नी देवी, उनके पति निर्मल यादव की तीन संतानें मौसम कुमारी, सूरज कुमार और उज्जवल कुमार तथा भतीजे नैतिक कुमार के रूप में हुई है।
पीड़ित परिवार की एक महिला ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि जंगली खुखड़ी जहरीली हो सकती है। उन्होंने बताया कि खुखड़ी बाजार से खरीदकर लाई गई थी और इसके बाद घर में उसकी सब्जी बनाई गई थी।
बरसात में जहरीली खुखड़ी से रहें सावधान
डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना सही पहचान के किसी भी जंगली खुखड़ी या मशरूम का सेवन न करें।
बरसात के मौसम में जंगल और बांस के आसपास कई तरह की खुखड़ी व मशरूम उगते हैं। इनमें कुछ प्रजातियां जहरीली भी हो सकती हैं, जिनके सेवन से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी, पेट दर्द और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में जंगली खुखड़ी का सेवन करने से पहले उसकी सही पहचान बेहद जरूरी है।


